धनबाद से दक्षिण भारत का सफर हुआ आसान: नये रूट पर दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, टाइम-टेबल जारी

धनबाद से पोत्तनूर (कोयंबटूर) के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस अब नए रूट कतरास–चंद्रपुरा–बोकारो–रांची होकर चलेगी। रेलवे ने टाइम टेबल जारी किया, यात्रा समय घटकर 45 घंटे हुआ।

धनबाद से दक्षिण भारत का सफर हुआ आसान: नये रूट पर दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, टाइम-टेबल जारी
अमृत भारत एक्सप्रेस (फाइल फोटो)।

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। झारखंड से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। धनबाद से पोत्तनूर (कोयंबटूर) के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का नया रूट तय कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड ने इसके रूट, परिचालन के दिन और टाइम टेबल से जुड़ी अधिसूचना जारी कर दी है।

यह भी पढ़ें: न्यायपालिका में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत, CJI सूर्यकांत की हाईकोर्ट कॉलेजियम से बड़ी अपील

नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन अब गोमो और गया के बजाय कतरास, चंद्रपुरा, बोकारो और रांची होते हुए दक्षिण भारत के लिए रवाना होगी। इससे झारखंड के कई शहरों को सीधे दक्षिण भारत से जोड़ने में मदद मिलेगी।

पांच घंटे कम हुआ सफर

पहले यह ट्रेन गोमो और गया होकर चलती थी और धनबाद से कोयंबटूर तक पहुंचने में करीब 50 घंटे 20 मिनट का समय लगता था।लेकिन अब बोकारो और रांची वाले शॉर्ट रूट से चलने के कारण यह दूरी करीब 45 घंटे 20 मिनट में पूरी हो जाएगी। इससे यात्रियों को लगभग 5 घंटे का फायदा मिलेगा।

वेल्लूर जाने वाले मरीजों को बड़ी राहत

नई ट्रेन काटपाडी (Katpadi) होकर चलेगी, जो तमिलनाडु के वेल्लूर शहर के पास स्थित है। वेल्लूर में प्रसिद्ध अस्पताल होने के कारण झारखंड और बिहार से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए जाते हैं।अब इस ट्रेन के जरिए धनबाद समेत झारखंड के कई शहरों से वेल्लूर जाने वाले मरीजों को सीधी और सुविधाजनक ट्रेन का विकल्प मिलेगा।

11 मार्च को प्रस्तावित है उद्घाटन

रेलवे की योजना के अनुसार नई अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 11 मार्च को किया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद नियमित रूप से ट्रेन का संचालन शुरू होगा।

कब चलेगी ट्रेन

16620 धनबाद–पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस

प्रत्येक सोमवार को

दोपहर 2:00 बजे धनबाद से प्रस्थान

2:33 बजे कतरास

3:24 बजे चंद्रपुरा

3:49 बजे बोकारो

बुधवार सुबह 11:20 बजे पोत्तनूर पहुंच जाएगी

16619 पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस

प्रत्येक शनिवार सुबह 6:15 बजे पोत्तनूर से रवाना

रविवार देर रात 1:31 बजे बोकारो

2:00 बजे चंद्रपुरा

3:13 बजे कतरास

सुबह 4:00 बजे धनबाद पहुंचेगी

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

धनबाद से पोत्तनूर जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा, जिनमें शामिल हैं: कतरास, चंद्रपुरा, बोकारो, मूरी, रांची, हटिया, राउरकेला, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बारगढ़ रोड, बलांगीर, टिटलागढ़, केसिंगा, मुनीगुड़ा, रायगढ़, पार्वतीपुरम, बोब्बिली, विजयनगरम, कोट्टावालासा, सिम्हाचलम नॉर्थ, दुव्वाड़ा, समलकोट, राजमुंदरी, एलुरु, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लोर, रेणीगुंटा, तिरुतानी, काटपाडी, जोलारपेट्टई, सेलम, इरोड, तिरुप्पुर, कोयंबटूर और पोत्तनूर।