Advertisement

रांची (Threesocieties.com Desk): राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटोस रेस्टोरेंट में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। इस मामले में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान और अपराधी सुजीत सिन्हा गिरोह के चार सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार किया गया है।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: धनबाद में डिप्टी मेयर चुनाव से पहले ‘सिंह मेंशन’ में शक्ति प्रदर्शन, 47 पार्षदों की टी मीटिंग से गरमाई सियासत

गिरफ्तारी के दौरान धनबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें तीन अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

रेस्टोरेंट कर्मचारी मनीष गोप की हुई थी हत्या

जानकारी के अनुसार, 7 मार्च 2026 की रात करीब 8:25 बजे एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के ‘द टीटोस रेस्टोरेंट’ में काम करने वाले कर्मचारी मनीष गोप की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।

धनबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़

जांच के दौरान एसआईटी और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह धनबाद के बोरागढ़ और भागाबांध ओपी के सीमावर्ती इलाके में एक खंडहरनुमा मकान में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान विक्की डोम और कुबेर उर्फ मनीष सिंह के पैर में गोली लगी, अफजल अमन उर्फ बाबर (उर्फ विराट कोहली) भागने के प्रयास में घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की गोलीबारी से धनबाद पुलिस की गश्ती गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चार अपराधियों को पुलिस ने दबोचा

पुलिस ने इस मामले में कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शामिल हैं:

कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह – चैनपुर, पलामू

अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ विराट कोहली – बैंकमोड़, धनबाद

पप्पू भुइया – पुटकी, धनबाद

मो. शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर – वासेपुर, धनबाद

पुलिस के अनुसार ये सभी अपराधी गैंग के सक्रिय शूटर हैं और कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।

दो बड़े गिरोहों का खतरनाक गठबंधन

जांच के दौरान पुलिस को सबसे बड़ा सुराग यह मिला कि प्रिंस खान गिरोह और सुजीत सिन्हा गिरोह अब एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। दोनों गैंगों के इस गठबंधन को पुलिस बेहद खतरनाक मान रही है। इसी गठजोड़ के तहत रांची के टीटोस रेस्टोरेंट में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को दोनों गिरोहों के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य आपराधिक योजनाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस आगे भी छापेमारी कर रही है।

पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का खुलासा होने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।