रामगढ़ : कुख्यात अपराधी शिवा डोम गिरफ्तार, सहयोगी टिंकल भी भारी हथियारों के साथ पकड़ाया

रामगढ़ में संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी शिवा डोम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ। उसकी निशानदेही पर सहयोगी आरिज आलम उर्फ टिंकल भी भारी मात्रा में हथियार और कारतूस के साथ पकड़ा गया। पुलिस बड़ी आपराधिक साजिश के एंगल से जांच कर रही है।

रामगढ़ : कुख्यात अपराधी शिवा डोम गिरफ्तार, सहयोगी टिंकल भी भारी हथियारों के साथ पकड़ाया
पुलिस एनकाउंटर के बाद कुख्यात शिवा डोम अरेस्ट।

    HighLights:

  • रामगढ़, रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता
  • मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी शिवा डोम गिरफ्तार
  • पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
  • शिवा डोम की निशानदेही पर आरिज आलम उर्फ टिंकल गिरफ्तार
  • मुर्गी पालन वाले कमरे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

रामगढ़ (Threesocieties.com Desk): झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़, रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी शिवराज राम उर्फ शिवा डोम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी आरिज आलम उर्फ टिंकल को भी भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस के साथ दबोच लिया गया।

यह भी पढ़ें: झारखंड में दिखेगा कोल माइंस और इको टूरिज्म का नया रंग, अंडरग्राउंड कोल माइंस में शुरू होगा पर्यटन

सोमवार को रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत ने प्रेस वार्ता में पूरे अभियान का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने समय रहते एक बड़ी आपराधिक वारदात को विफल कर दिया।

गुप्त सूचना पर बनी पुलिस की संयुक्त टीम

एसपी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से भुरकुंडा निवासी अपराधी शिवा डोम की गतिविधियों पर पुलिस की नजर थी। धनबाद पुलिस से भी इनपुट मिला था कि वह किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। इसके बाद रामगढ़, रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने सयाल क्षेत्र से शिवा डोम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने हथियार खरीदकर रखे हैं और वह कुख्यात अपराधियों सुजीत सिन्हा तथा प्रिंस खान के इशारे पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

हथियारों की बरामदगी के लिए जब पुलिस टीम शिवा डोम को लेकर जा रही थी, तभी उसने मौका देखकर छिपाकर रखी पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शिवा डोम के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पहले भुरकुंडा अस्पताल, फिर सदर अस्पताल रामगढ़ और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।

शिवा डोम के पास से बरामद हुए हथियार

पुलिस ने शिवा डोम के कब्जे से बरामद किए—

दो देशी पिस्टल
चार मैगजीन
61 जिंदा कारतूस
पिस्टल का होल्स्टर
दो मोबाइल फोन

बरामद हथियारों और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।

मुर्गी के दड़बे में छिपाकर रखा था हथियारों का जखीरा

शिवा डोम की निशानदेही पर कुज्जू ओपी पुलिस ने मांडू थाना क्षेत्र के तोपा बी-टाइप क्वार्टर में छापेमारी की। यहां से आरिज आलम उर्फ टिंकल (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके घर के पास स्थित मुर्गी पालन वाले कमरे में छिपाकर रखे गए कई अवैध हथियार और कारतूस मिले। पूछताछ में टिंकल ने स्वीकार किया कि उसने ये हथियार शिवा डोम के कहने पर छिपाकर रखे थे, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी बड़ी आपराधिक घटना में उनका इस्तेमाल किया जा सके।

पुराना अपराधी है शिवा डोम

पुलिस के अनुसार शिवा डोम का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले श्रीवास्तव गैंग और राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य रह चुका है। उसके खिलाफ पतरातू, बड़कागांव और लोहसिंघा थाना समेत कई थानों में आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं के तहत अनेक मामले दर्ज हैं। हाल के दिनों में उसका नाम सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह से भी जुड़कर सामने आया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क, हथियार आपूर्ति और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

पूरे नेटवर्क की होगी जांच

एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि बरामद हथियारों, मोबाइल फोन और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए, किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और प्रस्तावित वारदात का लक्ष्य क्या था। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध और गैंगवार पर पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।