• जातिगत जनगणना कराने की मांग दुहराई 

नई दिल्ली। RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को दिल्ली में कोरोना वैक्सीन का दूसरा डोज लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक-डेढ़ महीने बाद वे पटना लौट सकते हैं।
लालू ने पीएम नरेंद्र मोदी पर अप्रत्यक्ष रुप से इशारा करते हुए कहा कि देश बहुत पीछे चला गया है। इसे फिर से पटरी पर लाना होगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह अच्छा काम कर रही है। लालू ने जातिगत जनगणना कराने की मांग दुहराई।ममता बनर्जी के दिल्ली में रहकर बीजेपी के खिलाफ मोर्चा बनाने के सवाल पर कहा कि दीदी अपना काम कर रही हैं। एनसीपी चीफ शरद पवार, एसपी लीडर रामगोपाल यादव व कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह से मुलाकात के बारे में लालू ने बताया कि सबको एकजुट करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश बहुत पीछे चला गया है। इसे फिर से पटरी पर लाना होगा।

जातिगत जनगणना का समर्थन

लालू ने कहा कि बिहार में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायकों को पुलिस ने विधानसभा में घुसकर पीटा, जो लोकतंत्र का काला अध्याय है। उन्होंने कहा कि यह ब्रूटल था। इसका विरोध होना चाहिए।जाति आधारित जनगणना की तेजस्वी यादव की मांग को सही ठहराते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए आरजेडी ने लगातार संघर्ष किया है। इस मामले में कोई कोताही नहीं की जानी चाहिए। किसकी कितनी आबादी है, इसे पता किया जाना चाहिए।

तेजस्वी की तारीफ 
लालू ने कहा कि जब वे जेल में थे, तेजस्वी ने विधानसभा चुनाव में अच्छी मेहनत की थी। देश-प्रदेश के लोगों ने इसे देखा। वह मुझसे भी बहुत आगे निकल चुके हैं। किसी के बनाने से कोई नेता नहीं होता है, खुद बन जाता है। उनकी सभाओं में जुट रही भीड़ को देखकर यह समझा जा सकता है। लालू ने आरोप लगाया कि बिहार में उनकी सरकार नहीं बनने दी गई।

उल्लेखनीय है कि लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले से जुड़े मामलों में बेल रिहा होने के बाद दिल्ली में बेटी मीसा भारती के पास रह रहे हैं। दिल्ली से ही वह बिहार की सियासत पर नजरें जमाए हुए हैं।