बिहार में ‘एनकाउंटर मोड’ में पुलिस: सिवान में 25 हजार का इनामी सोनू यादव ढेर, 18 दिन में चौथा एक्शन
बिहार के सिवान में पुलिस ने 25 हजार के इनामी अपराधी सोनू यादव को एनकाउंटर में मार गिराया। पूर्व MLC मनोज सिंह के भांजे की हत्या का था मुख्य आरोपी। सम्राट चौधरी सरकार के 18 दिन में चौथा एनकाउंटर।
सिवान (Threesocieties.com Desk): बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त तेवर लगातार देखने को मिल रहा है। ताजा मामला सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया।
यह भी पढ़ें: झारखंड में डेंटल शिक्षा का नया दौर: रिम्स डेंटल कॉलेज में शुरू होगी MDS की पढ़ाई, 27 PG सीटों को केंद्र की मंजूरी
बताया जा रहा है कि सोनू यादव के सीने में गोली लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी।
पूर्व MLC के परिवार पर हमले का था मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का रहने वाला था। वह हाल ही में हुए चर्चित हत्याकांड का मुख्य आरोपी था, जिसमें पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और अभी पटना में इलाजरत हैं।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल था और पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़हरिया इलाके में घेराबंदी की।जैसे ही पुलिस टीम ने दबिश दी, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से सोनू यादव मारा गया।
तीन आरोपी पकड़े गए, एक घायल
इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन अपराधियों को पकड़ लिया है। एक आरोपी सोनू यादव मुठभेड़ में मारा गया है। दूसरा आरोपी छोटू यादव ‘हाफ एनकाउंटर’ में घायल होकर पटना में इलाजरत है। तीसरा आरोपी सुनील यादव को जामो थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गयाबाकी फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
18 दिन में 4 एनकाउंटर, बदला पुलिस का तेवर
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद पुलिस की कार्यशैली में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पदभार संभालने के बाद महज 18 दिनों में 4 एनकाउंटर हो चुके हैं।
22 अप्रैल: पटना में लूट आरोपी को पैर में गोली
29 अप्रैल: भागलपुर में हत्या आरोपी ढेर
30 अप्रैल: सिवान में एक आरोपी हाफ एनकाउंटर
3 मई: मुख्य आरोपी सोनू यादव का एनकाउंटर
पिछले 6 महीनों में कुल 18 एनकाउंटर दर्ज किए जा चुके हैं।
ज़ीरो टॉलरेंस या बढ़ती बहस?
लगातार हो रही पुलिस मुठभेड़ों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि बिहार पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। हालांकि, इन एनकाउंटरों को लेकर कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर बहस तेज होने की संभावना भी जताई जा रही है।
(Threesocieties.com पर ऐसे ही ताज़ा और एक्सक्लूसिव खबरों के लिए जुड़े रहें)






