Morning News Diary-15 April: राहुल दुबे गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार, DIG ने दिए निर्देश, अंबेडकर जयंती
रामगढ़ में राहुल दूबे गैंग के दो अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद डीआईजी ने संगठित अपराध पर सख्ती के निर्देश दिए। वहीं बीसीसीएल, आईआईटी आईएसएम, कतरास, धनसार व धनबाद समेत कई जगहों पर अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई। सिंदरी के पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो हैदराबाद से लौटे।
1. रामगढ़: राहुल दुबे गैंग के दो अपराधी गिरफ्तार, कार्बाइन और पिस्टल बरामद
रामगढ़। रामगढ़ में एसपी अजय कुमार के निर्देश पर पुलिस ने पतरातु थाना क्षेत्र के हेसला से राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय गुर्गों को कार्बाइन और पिस्टल बरामदके साथ गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों ने पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई गोलीबारी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसपी अजय कुमार की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पतरातू के हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान के पास एक संदिग्ध बाइक (JH02AB-5319) को रोका गया। बाइक पर सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर कारण करमाली के पास से कमर में खोंसा हुआ एक 7.65 MM का लोडेड देशी पिस्टलऔर 3 जिंदा गोलियां बरामद हुईं, जबकि शिवम मिश्रा बाइक पर टंगे थैले की तलाशी लेने पर एक 9 MM की लोडेड देशी कार्बाइन और 2 जिंदा गोलियां बरामद की गयी। पुलिस की पूछताछ में दोनों अपराधियों ने स्वीकार किया, कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बीते चार अप्रैल को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई गोलीबारी में वे शामिल थे।
2. रामगढ़: संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए DIG ने दिए निर्देश
रामगढ़। हजारीबाग रेंच के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने रामगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।. बैठक के दौरान जनवरी 2026 से अब तक हुई फायरिंग, आगजनी, धमकी भरे कॉल और पोस्टरबाजी जैसे गंभीर मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गयी। विशेष रूप से उन अपराधियों पर चर्चा की गई जो जेल से जमानत पर बाहर हैं।अपराधियों के खिलाफ 14 सूत्रीय एक्शन प्लान तायार किया गया है। संगगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए DIG ने कई दिशा- निर्देश दिये हैं।
3. बीसीसीएल एवं सिस्टा ने किया अंबेडकर की जयंती का आयोजन
धनबाद। बीसीसीएल एवं सिस्टा के संयुक्त तत्वावधान में कोयला नगर स्थित सामुदायिक भवन में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित के साथ हुई। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहब के विचारों को प्रस्तुत कर उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह एवं मुख्य सतर्कता पदाधिकारी अमन राज उपस्थिति रहे। समारोह में विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, सीसीसी, वेलफेयर एवं सेफ्टी बोर्ड के सदस्य, सिस्टा के संस्थापक आर.एस. राम, संस्थापक सदस्य एस.डी. दास ललन, राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार कनौजिया सहित सिस्टा के अन्य सदस्य, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
4. मेयर संजीव सिंह ने बाबा साहब अंबेडकर जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक
धनबाद। मेयर संजीव सिंह ने धनसार, पुराना बाजार व कतरास में आयोजित संविधान निर्माता डा भीम राव अंबेडर की 135 जंयती पर आयोजित कार्यक्र्म में शिरकत किया। धनसार स्थित हरिपुर (गड्डा ग्राउंड) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर, केक काटकर उनका जन्मोत्सव मनाया गया। उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने मेयर को क्षेत्र में व्याप्त पेयजल समस्या से अवगत कराया, जिसके पश्चात स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
अंबेडकर जयंती के अवसर पर पुराना बाज़ार रिफ्यूजी मार्केट में वाल्मीकि महापंचायत समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मेयर ने भारत रत्न भीमराव रामजी अंबेडकर जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कहा कि बाबा साहब ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की नई दिशा दी। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कतरास गुहीबाँध स्थित संविधान निर्माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित किया। मौके पर मेयर ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं— “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का उनका संदेश हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समानता, न्याय और मानवाधिकारों पर आधारित समाज के निर्माण का जो सपना देखा, वह आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक है।
5. समता, शिक्षा और समाज सेवा के संदेश के साथ मनाई गई अंबेडकर जयंती
धनबाद। IIT (ISM) Dhanbad में Ambedkar Jayanti के अवसर पर जीजेएलटी सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सन्नी राज, डीडीसी), धनबाद ने अपने संबोधन में बाबा साहेब को एक वैश्विक प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि देश ने काफी प्रगति की है, लेकिन समाज के कुछ हिस्सों में आज भी असमानता और भेदभाव देखने को मिलता है। उन्होंने बाबासाहेब के “एजुकेट, ऑर्गनाइज, ट्रांसफॉर्म” के संदेश को दोहराते हुए छात्रों से अपील की कि वे शिक्षा और शोध के माध्यम से खुद को सशक्त बनाएं और आगे चलकर समाज की सेवा करें। उन्होंने यह भी कहा कि बाबासाहेब का योगदान केवल सामाजिक न्याय तक सीमित नहीं था, बल्कि अर्थव्यवस्था, नीतिनिर्माण और भारतीय संविधान के निर्माण में भी उनका अहम योगदान रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. ए.सी.एस. राव के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने पहले के समय में मौजूद जातिवाद का जिक्र करते हुए कहा कि अब स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने संस्थान के एससी/एसटी सेल के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर सुखनिंदर कौर ने डॉ. अंबेडकर पर साइटेशन प्रस्तुत किया। वहीं, रजिस्ट्रार श्री प्रबोध पांडेय ने डॉ. अंबेडकर के जीवन और उनके कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रों को किताबों के महत्व को समझने और उनके विचारों को अपनाने की सलाह दी। डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर) प्रो. एस.के. गुप्ता ने अपने संबोधन में लिंग, जाति और धर्म के आधार पर समानता की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने सोच में समानता को शामिल करें, तो समाज में वास्तविक बदलाव संभव है और हमें अपने दैनिक जीवन में न्याय और समानता का पालन करना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिन्होंने पूरे आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।






