Morning News Diary-14 April:अवैध कोयला लदे 5 ट्रक पकड़ाया,नारी शक्ति वंदन अधिनियम पदयात्रा,जिनागोरा लोडिंग पॉइंट चालू व अन्य न्यूज

धनबाद के निरसा में CISF ने अवैध कोयला लदे 5 ट्रकों को जब्त किया। वहीं नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भव्य पदयात्रा निकली। बोकारो HPCL प्लांट में सुरक्षाकर्मियों के मुद्दे पर आवाज उठी, अंबेडकर जयंती से पहले सफाई अभियान चला और जिनगोरा MDO लोडिंग पॉइंट फिर शुरू हुआ।

1. निरसा में CISF ने अवैध कोयले से लदे पांच ट्रक को पकड़ा

निरसा में CISF ने अवैध कोयले से लदे पांच ट्रक को पकड़ा

धनबाद: सीआईएसए) की टीम ने निरसा क्षेत्र में अवैध कोयला लदे पांच ट्रकों को जब्त किया है। सीआईएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि निरसा के रास्ते अवैध रूप से कोयले की खेप बाहर ले जाई जा रही है। इसी आधार पर टीम ने रविवार रात घेराबंदी कर संदिग्ध अवस्था में गुजर रहे पांच भारी ट्रकों को रोका गया. जब इन ट्रकों की तलाशी ली गई, तो वे पूरी तरह कोयले से लदे पाए गए।जब सुरक्षा बलों ने ट्रकों के चालकों से कोयले के परिवहन से संबंधित वैध चालान या अन्य कागजात मांगे, तो वे कोई भी संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके।कागजात न होने की पुष्टि होते ही सीआईएसएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों ट्रकों को अपने कब्जे में ले लिया।सीआईएसएफ ने सभी पांचों ट्रकों को निरसा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

2. धनबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की पदयात्रा

धनबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की पदयात्रा

धनबाद: धनबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित पदयात्रा में बतौर मुख्य अतिथि सांसद ढूलू महतो जी शामिल हुए। धनबाद जिला ग्रामीण एवं नगर इकाई द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य “पंचायत से पार्लियामेंट तक निर्णय में नारी, नवभारत की तैयारी” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नारी सशक्तिकरण के समर्थन में जागरूकता फैलाने का कार्य किया। पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने समाज में अपनी भागीदारी और निर्णय लेने की भूमिका को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद सांसद श्री Dhullu Mahto जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति देश के विकास की आधारशिला है और महिलाओं की भागीदारी के बिना सशक्त भारत का निर्माण संभव नहीं है।

पदयात्रा पूरे क्षेत्र में उत्साह और जागरूकता का प्रतीक बनी और लोगों को महिला अधिकारों एवं उनके सशक्तिकरण के प्रति प्रेरित किया।

3. संजीव की पहल पर तीन साल से बंद जिनागोरा एमडीओ लोडिंग पॉइंट पुनः चालू

संजीव की पहल पर तीन साल से बंद जिनागोरा एमडीओ लोडिंग पॉइंट पुनः चालू

धनबाद: मेयर संजीव की पहल पर तीन साल से बंद जिनागोरा एमडीओ लोडिंग पॉइंट पुनः चालू कर दिया गया। संजीव ने कहा कि लगभग तीन वर्षों से बंद पड़े इस लोडिंग पॉइंट के शुरू होने से करीब 500 मजदूर भाई-बहनों को फिर से रोजगार मिला है। इस कार्य को संभव बनाने में झरिया विधायक रागिनी सिंह जी का भी बहुमूल्य योगदान रहा है, जिनके निरंतर प्रयासों से यह कार्य साकार हो पाया। मौके पर पहुंचकर मेयर ने विधिवत रूप से नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ कराया और मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुना।मेयर ने कहा कि मजदूरों के चेहरों पर खुशी देखना मेरे लिए सबसे बड़ी संतुष्टि है।
मेरा हमेशा प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के मजदूरों को रोजगार मिले और उनकी आजीविका सुरक्षित रहे। मजदूरों का हित ही मेरी प्राथमिकता है।

4. अंबेडकर चौक की साफ-सफाई, प्रतिमा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया

अंबेडकर चौक की साफ-सफाई, प्रतिमा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया

धनबाद: फेडरेशन ऑफ अंबेडकर मिशन के सदस्यों द्वारा भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर डीआरएम चौक स्थित अंबेडकर चौक की साफ-सफाई किया गया। प्रतिमा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया। भव्य विद्युत सज्जा के माध्यम से प्रकाशमान किया गया। आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाने में शांतनु कुमार चंद्रा, दिलीप राम, शशिभूषण कुमार, मिथिलेश प्रसाद, कैलास दास, तरुण कुमार, बबलू दास, शिव शंकर दास, रंजीत दास एवं रंजन दास सहित सभी लोग जिम्मेदारी पूर्वक उपस्थित रहे।

5. यात्री सुविधाओं को लेकर पिंटू कुमार सिंह ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

यात्री सुविधाओं को लेकर पिंटू कुमार सिंह ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

धनबाद: धनबाद रेल मंडल में यात्री सुविधाओं को लेकर क्षेत्रीय रेलवे सलाहकार समिति पूर्व मध्य हाजीपुर के सदस्य पिंटू कुमार सिंह ने डीआरएम अखिलेश मिश्रा को चार मांगों का ज्ञापन सोपा। इन मांगों में हावडा से गया तक चलने वाली वन्दे भारत ट्रेन को पटना तक विस्तार किया जाय। जिससे रेल का आमदनी के साथ-साथ रेल यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी।धनबाद रेल मण्डल के अंतर्गत खासकर धनबाद, गोमो, कोडरमा, कतरास इत्यादि स्टेशनों में साफ-सफाई की व्यवस्था जो निजी एजेन्सी को दिया गया है। वह पूरी तरह से काम नहीं कर रहा है और रेल से लाखों रूपया की कमाई करता है। जिसकी जांच करायी जाय।धनबाद रेल मण्डल के अंतर्गत आने वाले हजारीबाग रोड स्टेशन का नाम बदल कर सरिया स्टेशन के नाम से नामांकरण किया जाय।धनबाद से पटना होकर दुमका जाने वाली गंगा दामोदर एक्सप्रेस को दुमका नहीं चलाकर बक्सर तक चलाई जाय की मांग है।

6. HPCL बॉटलिंग प्लांटके सुरक्षाकर्मियों को प्रशांत राज ने की मैनेजमेंट से वार्ता

HPCL बॉटलिंग प्लांटके सुरक्षाकर्मियों को प्रशांत राज ने की मैनेजमेंट से वार्ता

बोकारो: बोकारो के बालीडीह स्थित HPCL बॉटलिंग प्लांट में कार्यरत सुरक्षाकर्मियों पर हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ प्रशांत राज ने मजबूती से आवाज उठाई। धनबाद सांसद Dhullu Mahto के निर्देश पर उनके सुपुत्र Prashant Raj सैकड़ों समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित सुरक्षाकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद HPCL प्रबंधन के साथ लंबी और निर्णायक वार्ता की गई, जिसमें सुरक्षाकर्मियों की प्रमुख समस्याओं के समाधान को सुनिश्चित कराया गया। यह केवल एक मुलाकात नहीं, बल्कि न्याय के लिए एक ठोस और प्रभावी पहल थी। इस हस्तक्षेप के बाद सुरक्षाकर्मियों के चेहरों पर संतोष और विश्वास साफ झलकने लगा—एक भरोसा जगा कि अब उनकी आवाज दबाई नहीं जा सकती।  सुरक्षाकर्मियों के अधिकार और न्याय के लिए यह संघर्ष आगे भी इसी मजबूती से जारी रहेगा।