धनबाद के विकास को लेकर एक्शन में मेयर संजीव सिंह, रांची में प्रधान सचिव से की मुलाकात
रांची में नगर विकास एवं पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से धनबाद मेयर संजीव सिंह ने मुलाकात कर सड़क, पानी, बिजली और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया। शहर के विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
- बदहाल सड़कों और पानी-बिजली संकट पर मेयर संजीव सिंह सख्त
- मेयर ने सरकार को सौंपा मांगपत्र,सरकार से मांगी त्वरित कार्रवाई
- धनबाद को स्मार्ट और सुविधायुक्त शहर बनाने की कवायद तेज
रांची (Threesocieties.com Desk) : धनबाद शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर धनबाद मेयर संजीव सिंह एक्शन मोड में नजर आए। राजधानी रांची में नगर विकास विभाग एवं पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर उन्होंने धनबाद नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को विस्तार से रखा। इस दौरान मेयर ने सड़क, बिजली, पानी और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में बड़ा ट्विस्ट! ‘एनकाउंटर’ के डर का दावा कर बरी हुआ बलिया का राज सिंह
मुलाकात के दौरान मेयर संजीव सिंह ने बताया कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। खराब सड़कों की वजह से लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने शहर की प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों के शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें:धनबाद में फुटपाथ पर अब नहीं लगेगी दुकान! 177 दुकानदारों की शिफ्टिंग शुरू, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
इसके अलावा मेयर ने धनबाद में पेयजल आपूर्ति की समस्या को भी गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में लोगों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
प्रधान सचिव सुनील कुमार ने मेयर द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बैठक में शहर के समग्र विकास, आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, धनबाद शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है। ऐसे में मेयर की यह पहल शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद की जनता को बेहतर सड़क, स्वच्छ पेयजल और सुचारु बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार के सहयोग से शहर की समस्याओं का जल्द समाधान निकलेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।






