रांची। झामुमो से राज्यसभा सांसद महुआ माजी रोड एक्सीडेंट में घायल हो गयी हैं। उनका हाथ फ्रैक्चर है। उनके साथ साथ पुत्र, बहू और ड्राइवर को भी गहरी चोट आयीं हैं। घटना अहले सुबह चार बजे लातेहार के सतबरवा में मां वैष्णवी फ्यूल्स के पास की है। एमपी को इलाज के लिए  हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। सीएम हेमंत सोरेन व हेल्थ मिनिस्टर डॉ इरफान अंसारी ने हॉस्पिटल पहुंच एमपी का हालचाल जाना। डॉक्टरों से एमपी के हेल्थ की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें:महाकुंभ से लौट रहे ड्राइवर को आयी झपकी, घर में घुसी कार, झारखंड के चार युवकों की मौत

महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे रांची
एमपी महुआ माजी के साथ उनके पुत्र सोमबीत माजी, बहू कृति श्रीवास्तव माजी और ड्राइवर भूपेंद्र को भी गंभीर चोटें आयी हैं। वे सभी लोग महाकुंभ स्नान कर रांची वापस लौट रहे थे। इस दौरान लातेहार के सतबरवा में उनकी कार की टक्कर वहां पर पहले खड़े ट्रक से हो गयी। कहा जाता है कि थकान की वजह से कार ड्राइवर को झपकी आ गयी थी, जिस कारण ये हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को किया गया रेफर
घटना के बाद लातेहार पुलिस ने  सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया दिया। फिलहाल सभी लोगों का इलाज रांची के हॉस्पिटल में चल रहा है। डॉक्टर्स ने बताया है कि एमपी के चेस्ट का सीटी स्कैन किया गया है। हालांकि सभी की स्थिति स्थिर बतायी जा रही है।