कर्नाटक: संविधान हाथ में लेकर डीके शिवकुमार ने ली CM पद की शपथ, जी परमेश्वर बने डिप्टी CM

कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के बाद डीके शिवकुमार ने 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। संविधान हाथ में लेकर शपथ लेने वाले शिवकुमार के साथ जी परमेश्वर उपमुख्यमंत्री बने जबकि सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र समेत 13 मंत्रियों ने भी शपथ ली।

कर्नाटक: संविधान हाथ में लेकर डीके शिवकुमार ने ली CM पद की शपथ, जी परमेश्वर बने डिप्टी CM
कर्नाटक को मिला नया ‘बॉस’,13 मंत्रियों के साथ सरकार।
  •  डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
  • सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र समेत 12 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली
  • राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई बड़े कांग्रेस नेता समारोह में मौजूद रहे

बेंगलुरु (Threesocieties.com Desk): कर्नाटक की राजनीति में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने लोकभवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्य के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान सबसे अधिक चर्चा इस बात की रही कि उन्होंने भारत का संविधान हाथ में लेकर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

यह भी पढ़ें: झरिया की जनसमस्याओं पर विधायक रागिनी सिंह का रेलवे पर दबाव, 16 गांवों के मुद्दे लेकर पहुंचीं डीआरएम के पास

आठ बार विधायक रह चुके और लंबे समय से कर्नाटक कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे डीके शिवकुमार को 30 मई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने बुधवार को औपचारिक रूप से राज्य की कमान संभाल ली। इस तरह निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई।

मां के आशीर्वाद से शुरू हुआ नया सफर

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले डीके शिवकुमार अपनी मां गौरम्मा के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं।

जी परमेश्वर बने उपमुख्यमंत्री

डीके शिवकुमार के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर ने राज्य के नए उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

13 मंत्रियों के साथ बनी नई सरकार

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा 12 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें कई अनुभवी और कुछ नए चेहरे शामिल हैं। शपथ लेने वाले प्रमुख नेताओं में:

• यतींद्र सिद्धारमैया
• यूटी खादर
• एमबी पाटिल
• केजे जॉर्ज
• केएच मुनियप्पा
• सतीश जारकीहोली
• रामलिंगा रेड्डी
• कृष्णा बायरेगौड़ा
• प्रियंक खड़गे
• ईश्वर खंड्रे
• बायराथी सुरेश
• शरण प्रकाश पाटिल

सिद्धारमैया के बेटे को भी मिला मौका

नई कैबिनेट में सबसे अधिक चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को लेकर रही। उन्हें मंत्री पद मिलने से कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी अनुभव और नई पीढ़ी के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।

समारोह में जुटे कांग्रेस के बड़े चेहरे

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और पार्टी पदाधिकारी भी समारोह का हिस्सा बने।

सिद्धारमैया युग का हुआ अंत

सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने मई 2023 से मई 2026 तक राज्य का नेतृत्व किया। अब राज्य की राजनीतिक कमान डीके शिवकुमार के हाथों में आ गई है।कर्नाटक की नई सरकार के सामने अब विकास, रोजगार, बुनियादी ढांचे और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।