झारखंड: धनबाद में पुलिस की ‘मिडनाइट स्ट्राइक’, गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी गुर्गे दिलीप सिंह को दबोचा
धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य दिलीप सिंह को गिरफ्तार किया है। गोविंदपुर थाना कांड में आरोपी पर BNS, एक्सप्लोसिव एक्ट और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराएं लगी हैं।
- गोविंदपुर थाना कांड में नामजद था आरोपी
- विस्फोटक और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने गोविंदपुर थाना कांड संख्या 89/2026 के नामजद आरोपी दिलीप सिंह को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें: धनबाद : DIG ने प्रिंस खान गैंग पर कड़ा एक्शन का दिया आदेश, ईद-रामनवमी और बंगाल चुनाव को ले हाई अलर्ट
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 08-09 मार्च 2026 की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए धनबाद के न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मनीष कुमार मिश्रा की अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कई गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ गोविंदपुर थाना में बेहद गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के अलावा एक्सप्लोसिव एक्ट और आर्म्स एक्ट भी लगाया गया है। इस कांड में जिन धाराओं के तहत मामला दर्ज है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
BNS धारा 111(2)(b), 111(3), 111(4)
109, 132, 133
308(3), 61(2)
3/4 एक्सप्लोसिव एक्ट
25(1-B)a, 26/27/35 आर्म्स एक्ट
इन धाराओं में संगठित अपराध, आपराधिक षड्यंत्र, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और विस्फोटक पदार्थ से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार अपराधी की पहचान दिलीप सिंह (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नारायण सिंह का पुत्र है और धनबाद के बारामुड़ी, लिटिल फ्लावर स्कूल के पास स्थित इलाके का रहने वाला है। उसका थाना क्षेत्र भूली ओपी (बैंक मोड़) बताया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपी का संबंध गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह से है और गोविंदपुर कांड में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आई है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ भी की गई है और पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों तथा गिरोह की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कांड में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। धनबाद पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






