झारखंड: रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट पर गिरी गाज: DGP के निर्देश के बाद पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड
रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट के वायरल वीडियो के बाद रामगढ़ एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित और एक होमगार्ड को बर्खास्त कर दिया। मामला निकास द्वार से प्रवेश को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है।
रांची/रामगढ़ (Threesocieties.com Desk): झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच पुलिसकर्मियों पर गाज गिरा दी है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में 15 JAS अफसर बने IAS, केंद्र की अधिसूचना जारी, चार अफसरों की प्रोन्नति चार्जशीट के कारण अटकी

इस घटना में शामिल चार आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक होमगार्ड जवान को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। जांच में दोषी पाये गये जवानों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई।
इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

निलंबित पुलिस कांस्टेबल: श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव व जानसन सुरीन। ये सभी स्मॉल एक्शन टीम (SAT-112), जैप-4 बोकारो में तैनात थे। सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर रखा गया है।
बर्खास्त कर्मी: होमगार्ड जवान सिकंदर यादव
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को जमशेदपुर के आदित्यपुर से एक परिवार के करीब 10 सदस्य पूजा-अर्चना के लिए रजरप्पा मंदिर पहुंचे थे। आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्य निकास द्वार (एग्जिट गेट) से मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोका और मुख्य प्रवेश द्वार से कतार में आने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई।
निकास गेट पर श्रद्धालु की पिटाई, वीडियो हुआ वायरल
घटना के दौरान तैनात जवानों ने एक श्रद्धालु की निकास द्वार के पास जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान परिवार की महिलाएं और बच्चे भी मौके पर मौजूद थे और मदद के लिए चिल्लाते रहे। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया।
ASI के कंधे से स्टार नोचने का भी आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि विवाद के दौरान एक श्रद्धालु ने एएसआई प्रकाश चंद्र मुर्मू के कंधे से स्टार नोच लिया और धक्का-मुक्की करते हुए उनका गला पकड़ लिया। इसके बाद वहां तैनात जवानों और श्रद्धालुओं के बीच तीखी झड़प और हाथापाई हो गई।
तीन लोगों को हिरासत में लेकर छोड़ा गया
घटना के बाद पुलिस ने आदित्यपुर निवासी प्रेम कुमार निर्मल, सुमन कुमार राय व सौरभ कुमार को हिरासत में लिया था। बाद में बॉन्ड भरवाकर उन्हें छोड़ दिया गया।
जांच के बाद गिरी गाज
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी अजय कुमार खुद रजरप्पा मंदिर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई। प्रभारी एसडीपीओ चंदन वत्स द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पुलिसकर्मियों को स्थिति को धैर्य और संयम से संभालना चाहिए था, लेकिन उन्होंने नियमों के विरुद्ध जाकर बल प्रयोग किया।
एसपी की सख्त हिदायत
घटना के बाद एसपी अजय कुमार ने मंदिर परिसर में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिया है कि: श्रद्धालुओं और आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, किसी भी स्थिति में अमानवीय या अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा व शिकायत मिलने पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।






