रांची। झारखंड की राजधानी रांची के मांडर समेत विभिन्न पुलिस स्टेशन एरिया में छिनतई की 17 घटनाओं को अंजाम देने वाले पांच इंटर स्टेट क्रिमिनलों को अरेस्ट किया है। रांची पुलिस की गिरफ्त में आये सभी क्रिमिनल ओडिशा के रहने वाले हैं। इनमें अउला आलोक रॉव, करण प्रधान, काली कबाडी, अउला धर्म रॉव और अउला तारो शामिल है। यह जानकारी एसएसपी चंदन सिन्हा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।

यह भी पढ़ें:दिल्ली में एक्स सीएम चंपई सोरेन की जासूसी, स्पेशल ब्रांच को दो सब इंस्पेक्टर पकड़े गये

एसएसपी ने बताया कि  20 अगस्त को मांडर पुलिस स्टेशन एरिया के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया टांगरबसली ब्रांच के पास छिनतई की घटना हुई थी। इस घटना में संलिप्त क्रिमिनलों की पहचान कर पकड़ने के लिए क्षेत्र के सभी बैंकों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मी निगरानी रख रहे थे। इसी दौरान 27 अगस्त को टांगरबसली बैंक के आसपास कुछ अज्ञात व्यक्ति तीन बाइक पर सवार होकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन पांचों क्रिमिनलों को दबोच लिया।


उन्होंने बताया कि पकड़े गये सभी क्रिमिनल पिछले सात महीने से रांची जिला के मांडर, डोरंडा, नामकुम, चान्हो, नगड़ी, बेड़ो, बुण्डू, रातु, खलारी पुलिस स्टेशन एरिया में स्थित बैंकों के पास रेकी करते थे। बैंकों से पैसा निकाल कर जा रहे व्यक्ति का पीछा कर पैसा छीनकर भाग जाते थे। ये क्रिमिनल एक महीने के लिए टाउन में किराये का मकान लेकर ठहरते थे। वहीं से योजना बनाकर बैंक पहुंचते थे। रेकी कर पैसा निकाल कर जाने वाले व्यक्ति से पैसा छीनकर भाग जाते थे।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गये क्रिमिनलों का गैंग रांची जिला के विभिन्न पुलिस स्टेशन एरिया में लगभग 17 घटनाओं को अंजाम दे चुका है। बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार एक महीने के लिए किराये पर मकान लेकर ठहरे थे। योजना बनाकर बैंक पर रेकी कर कई छिनतई की घटना को अंजाम दिया था।