झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 : रांची में रोशनी खलको और धनबाद से संजीव अग्रवाल को भाजपा का समर्थन
Jharkhand नगर निकाय चुनाव में भाजपा का बड़ा फैसला। रांची से रोशनी खलको, देवघर से रीता चौरसिया और धनबाद से संजीव अग्रवाल समेत कई मेयर प्रत्याशियों को भाजपा का समर्थन।
- झारखंड नगर निकाय चुनाव में भाजपा का बड़ा फैसला
- मेयर प्रत्याशियों को मिला समर्थन
रांची (Threesocieties.com Desk)। झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा और रणनीतिक फैसला लिया है। पार्टी ने राज्य के प्रमुख नगर निगम क्षेत्रों में मेयर पद के प्रत्याशियों को समर्थन देने का ऐलान किया है। हालांकि चुनाव निर्दलीय आधार पर हो रहे हैं, लेकिन भाजपा ने अपने समर्थित उम्मीदवारों के नाम तय कर संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में झोंक दिया है।
यह भी पढ़ें: JMM का 47वां स्थापना दिवस: हेमंत सोरेन का केंद्र पर तीखा हमला, बोले– हमें कमजोर या भोला समझने की भूल न करे दिल्ली
भाजपा की ओर से रांची मेयर पद के लिए रोशनी खलको, देवघर से रीता चौरसिया, धनबाद से संजीव अग्रवाल, पलामू से अरुणा शंकर, और चास से अविनाश कुमार को समर्थन दिया गया है। वहीं हजारीबाग से सुदेश चंद्रवंशी और मानगो नगर निगम से संध्या सिंह को भी पार्टी का समर्थन हासिल हुआ है।
भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशियों का नाम
आदित्यपुर- प्रभाषिणी कंडुलिया
देवघर- रीता चौरसिया
चास- अविनाश कुमार
रांची- रोशनी खलको
धनबाद- संजीव अग्रवाल
मानगो- संध्या सिंह
गिरिडीह- डा. शैलेंद्र चौधरी
पलामू- अरूणा शंकर
हजारीबाग- सुदेश चंद्रवंशी
कई नगर निगमों में भाजपा का संगठित समर्थन
भाजपा ने बोकारो, देवघर, पलामू, मानगो, धनबाद, चास और हजारीबाग समेत कई अहम शहरी क्षेत्रों में अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी ताकत झोंकने का निर्णय लिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जिन प्रत्याशियों को समर्थन दिया गया है, उन्हें इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी गयी है।
मंगलवार को प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता अलग-अलग नगर निगम क्षेत्रों में पहुंचकर इन प्रत्याशियों के समर्थन की सार्वजनिक घोषणा करेंगे। साथ ही पार्टी ने सभी जिलाध्यक्षों को चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ अंतिम निर्णय
मेयर पद के लिए नाम तय करने की प्रक्रिया में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। इस सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और रेखा वर्मा विशेष रूप से रांची पहुंचे। प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को हुई अहम बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में सभी नगर निगम क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति पर मंथन के बाद प्रत्याशियों के समर्थन पर अंतिम मुहर लगाई गई।






