रांची। अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार  को मुख्यमंत्री का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उनके पास ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और बिजली वितरण निगम लिमटेड के प्रबंध निदेशक और झारखंड भवन में स्थानिक आयुक्त का अतिरक्त का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। एक बार फिर अनुराग गुप्ता को डीजीपी की जिम्मेवारी दी गयी है। आइपीएस अफसर अजीत पीटर डुंगडुंग को देवघर एसपी के आइएएस अफसर मंजूनाथ भजंत्री को रांची का डीसी बनाया गया है। 
यह भी पढ़ें:Jharkhand: हेमंत सोरेन ने चौथी बार ली झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ
भजंत्री के पास बंदोबस्त पदाधिकारी का अतिरक्त प्रभार भी रहेगा।  रांची डीसी वरुण रंजन को अगले आदेश तक झारखंड औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर चुनाव के समय जिन अधिकारियों को हटाया गया था, मुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण करते ही सबसे पहले उन अधिकारियों को फिर से उनके उसी पद पर पदस्थापित कर दिया है। एक बार फिर 1989 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को डीजीपी के पद से हटाकर झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड रांची का अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उनके स्थान पर सीआइडी के डीजी अनुराग गुप्ता को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

ADVERTISEMENT

अनुराग गुप्ता अपने कार्यों के अतिरिक्त एसीबी के डीजी के प्रभार में भी रहेंगे। जैप-5 देवघर के समादेष्टा अजीत पीटर डुंगडुंग को स्थानांतरित करते हुए एसपी देवघर बनाया गया है। डुंगडुंग अपने कार्यों के अतिरिक्त जैप-5 के समादेष्टा के प्रभार में भी रहेंगे। वहीं, एसपी देवघर अंबर लकड़ा को जैप-3 गोविंदपुर का समादेष्टा बनाया गया है। वे अपने कार्यों के अतिरिक्त एसपी रेल धनबाद के प्रभार में भी रहेंगे। गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने गुरुवार की शाम इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।
26 जुलाई को भी हटाये गये थे डीजीपी अजय कुमार सिंह
1989 बैच के आइपीएस अफसर अजय कुमार सिंह को हेमंत सोरेन की सरकार ने ही 26 जुलाई को झारखंड पुलिस के नियमित डीजीपी के पद से हटाकर झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बनाया था। उनके स्थान पर अनुराग गुप्ता को झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया गया था। झारखंड विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1990 बैच के आइपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को 19 अक्टूबर को प्रभारी डीजीपी के पद से हटाकर अजय कुमार सिंह को फिर से डीजीपी के पद पर पदस्थापित किया गया था।