चतरा। झारखंड के चतरा जिले में पिपरवार पुलिस की दबिश से परेशान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी के एरिया कमांडर अभिषेक उर्फ रोहित उरांव ने सरेंडर कर दिया है। एरिया कमांडर अभिषेक ने शनिवार को चतरा कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

यह भी पढ़ें: Rajasthan: आठ बार पलटी खाकर गेट से टकरायी SUV, लोग उतरे और बोले- चाय पिला दो, VIDEO VIRAL
एरिया कमांडर अभिषेक के घर पर पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा, सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु कुमार और सशस्त्र बल के जवानों के साथ 27 नवंबर को झुलनडीहा स्थित घर डुगडुगी बजाकर इश्तेहार चिपकाया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पिपरवार कोल एरिया के बहेरा-कल्याणपुर मेन रोड पर हो रहे पुल निर्माण कार्यस्थल पर मुंशी अभय सिंह की पिटाई कर काम बंद कराने, पुरनाडीह प्रोजेक्ट ऑफिस के निकट दिनदहाड़े फायरिंग करने, पुरनाडीह परियोजना में निर्माणाधीन स्कूल भवन और अस्पताल भवन निर्माण स्थल पर फायरिंग कर मजदूरों के साथ मारपीट करने, पिपरवार क्षेत्र के अशोका परियोजना कार्यालय के निकट कांटा घर के समक्ष फायरिंग करने, पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र के कोयला लिफ्टर को मोबाइल फोन पर धमकी देकर लेवी वसूली करने के मामले में अभिषेक आरोपी है।
पुलिस के द्वारा लगातार अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए  छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस के द्वारा लगातार की जा रही छापामारी और दबिश के कारण पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके टीएसपीसी नक्सली अभिषेक जी उर्फ रोहित उरांव ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है जो पिपरवार पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है।