जदयू विधायक अमरेंद्र पाण्डेय पर शिकंजा! वारंट जारी, जमीन कब्जा कांड में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

गोपालगंज के कुचायकोट से जदयू विधायक अमरेंद्र पाण्डेय, उनके भाई और सहयोगी पर जमीन कब्जा व भू-माफियाओं को संरक्षण देने के आरोप में कोर्ट ने वारंट जारी किया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

जदयू विधायक अमरेंद्र पाण्डेय पर शिकंजा! वारंट जारी, जमीन कब्जा कांड में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
जदयू विधायक अमरेंद्र पाण्डेय (फाइल फोटो)।

गोपालगंज (Threesocieties.com Desk ): बिहार के गोपालगंज जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कुचायकोट से जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जमीन कब्जा और भू-माफियाओं को संरक्षण देने के गंभीर आरोपों में कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया है।

यह भी पढ़ें: बोकारो में पुलिस विभाग में फेरबदल: लापरवाही पर चंद्रपुरा थाना प्रभारी सस्पेंड, तीन थानों में नये प्रभारी की पोस्टिंग

इस मामले में उनके भाई सतीश पाण्डेय और सहयोगी राहुल तिवारी भी आरोपी हैं। वारंट जारी होते ही पुलिस प्रशासन ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है।

93 एकड़ जमीन पर कब्जे की कोशिश, फायरिंग से मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल को कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में स्थित करीब 93 एकड़ जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार कुछ भू-माफिया वहां पहुंचे और जमीन की मालकिन किरण सिन्हा के मैनेजर जितेंद्र कुमार राय को धमकाते हुए जमीन छोड़ने को कहा। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस की कार्रवाई: 4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान सिवान जिले के बलेथा बाजार निवासी भोला पाण्डेय, गुड्डू कुमार, दीपक कुमार राम व नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इस मामले के मुख्य आरोपी विधायक अमरेंद्र पाण्डेय, उनके भाई सतीश पाण्डेय और राहुल तिवारी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

फरारी के बाद कोर्ट सख्त, वारंट जारी

कुचायकोट पुलिस ने आरोपियों के लगातार फरार रहने पर कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर वारंट जारी करने की मांग की थी। इसके बाद कोर्ट ने तीनों के खिलाफ वारंट निर्गत कर दिया।

एसपी का सख्त संदेश: “किसी को नहीं बख्शा जाएगा”

जिले के एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट कहा कि “भू-माफियाओं को संरक्षण देने और अपराधियों का मनोबल बढ़ाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।”

जिले में भू-माफियाओं पर बड़ा एक्शन, एक दर्जन चिन्हित

इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे जिले में सक्रिय भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, करीब एक दर्जन अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित किया गया है, जो जेल से छूटने के बाद जमीन कब्जाने के धंधे में सक्रिय हो जाते हैं। इन सभी के खिलाफ लगातार छापेमारी जारी है।

राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप

एक सत्ताधारी दल के विधायक पर इस तरह के गंभीर आरोप और कोर्ट का वारंट जारी होना राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

(Threesocieties.com पर ऐसे ही अपडेट्स के लिए जुड़े रहें)