श्रावणी मेले से पहले हाई अलर्ट: बासुकीनाथ में मेटल डिटेक्टर, नया ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दुमका के बासुकीनाथ में राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव की तैयारी तेज, एंट्री प्वाइंट पर मेटल डिटेक्टर, ट्रैफिक रूट में बदलाव, सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष फोकस।
दुमका (Threesocieties.com Desk): बासुकीनाथ मंदिर में आयोजित होने वाले राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: झारखंड ट्रेजरी घोटाला: DSP-SP तक पहुंची जांच की आंच, 33 करोड़ से ज्यादा की फर्जी निकासी; CM का सख्त एक्शन
शुक्रवार को आयुक्त संजय कुमार ने मंदिर परिसर स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
एंट्री प्वाइंट पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था
मेला क्षेत्र में आने वाले सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी और जरूरत के अनुसार आउटसोर्सिंग के माध्यम से मंदिर गार्ड की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
ट्रैफिक प्लान में होगा बड़ा बदलाव
श्रावणी मेला के दौरान भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए नया ट्रैफिक रूट प्लान तैयार किया जा रहा है। बासुकीनाथ-दुमका रोड को दुरुस्त करने और आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवरियों और आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिवगंगा की सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
शिवगंगा की साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने बताया कि इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके अलावा— पांच स्थानों पर शौचालय निर्माण, पेयजल के लिए डीप बोरिंग व मेला क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम
मेला में अक्सर श्रद्धालु अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र में बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से सूचनाओं का प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही— स्वास्थ्य शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था व आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आवासन की व्यवस्था व लाकर सिस्टम और पार्किंग सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
क्यू कॉम्प्लेक्स में लगेगा वाटर स्प्रिंकलर
भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने और गर्मी से राहत देने के लिए क्यू कॉम्प्लेक्स में वाटर स्प्रिंकलर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को लाइन में खड़े रहने के दौरान सुविधा मिल सके।
मेला क्षेत्र में दिखेगी आकर्षक रोशनी
नंदी चौक समेत प्रमुख स्थानों पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मेला क्षेत्र और अधिक भव्य और सुरक्षित नजर आए।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश
आयुक्त संजय कुमार ने सभी विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना जल्द तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेला झारखंड की आस्था से जुड़ा बड़ा आयोजन है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।






