धनबाद का गौरव: 98.8% अंक लाकर हर्ष बने CBSE10 वी बोर्ड में जिला टॉपर, उदय प्रताप सिंह ने किया सम्मानित
धनबाद के छात्र हर्ष ने 10वीं बोर्ड में 98.8% अंक लाकर जिला टॉपर बनने के साथ झारखंड में पांचवां स्थान हासिल किया, उदय प्रताप सिंह ने किया सम्मानित।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के कुसुम बिहार कॉलोनी निवासी छात्र हर्ष ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 98.8% अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। हर्ष धनबाद जिले के टॉपर बने हैं और झारखंड में पांचवां स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।
यह भी पढ़ें: धनबाद नगर निगम की डिजिटल क्रांति: अब घर बैठे दर्ज करें शिकायत, 1800 नंबर और QR कोड से मिलेगा तुरंत समाधान

इस शानदार सफलता के उपलक्ष्य में श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में हर्ष को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड अभिभावक संघ के अध्यक्ष पप्पू सिंह, एयरपोर्ट मिशन के परवीन गोधा, अविनाश पांडे, सत्येंद्र नाथ तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने हर्ष को अंगवस्त्र पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हर्ष, डीएवी मॉडल स्कूल सीएफआरआई डिगवाडीह के छात्र हैं और उमेश तिवारी के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक पारिवारिक माहौल से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उदय प्रताप सिंह ने इस मौके पर कहा कि हर्ष की सफलता पूरे धनबाद और झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि हर्ष भविष्य में भी बड़ी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेगा।
हर्ष की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिल रही है कि निरंतर प्रयास और समर्पण से सफलता जरूर मिलती है।






