धनबाद: जामाडोबा में युवक को सीने में मारी गोली, लोहा चोरी के विवाद में गैंगवार की आशंका
धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी नंबर-2 गली में शुक्रवार सुबह गोलीबारी से सनसनी फैल गई। अवैध लोहा कटिंग और वर्चस्व की लड़ाई में रिक्की सिंह को सीने में गोली मार दी गई। पुलिस जांच में जुटी।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी नंबर-2 गली शुक्रवार की अहले सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। अवैध लोहा कटिंग, चोरी और इलाके में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई कथित गैंगवार में एक युवक को बेहद करीब से गोली मार दी गई। गोली युवक के सीने में लगी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: धनबाद: BCCL में CVO अमन राज को भावभीनी विदाई, दीप्ति पटेल ने संभाला अतिरिक्त प्रभार
सुबह घर से निकले युवक को अपराधियों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान रिक्की सिंह (पिता- मोहन सिंह) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच रिक्की सिंह घर से बाहर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक दो राउंड फायरिंग हुई और एक गोली सीधे रिक्की सिंह के सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
गंभीर हालत में अस्पताल से दुर्गापुर रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल रिक्की सिंह को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार गोली अब भी उसके सीने में फंसी हुई है और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस को घटनास्थल से मिला खोखा और रोपवे का तार
घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि बरामद सामग्री इस बात की ओर इशारा कर रही है कि मामला अवैध लोहा कटिंग, चोरी या इससे जुड़े कारोबार से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह हमला अवैध कारोबार में हिस्सेदारी, लोडिंग विवाद या वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम तो नहीं।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, पुरानी रंजिश की आशंका
घायल रिक्की सिंह की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि उनके पति सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। उसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक पहले से मौजूद थे। पति द्वारा शोर मचाने पर आरोपियों ने गोली चला दी।उन्होंने हर्ष, गोपु और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पत्नी का कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में यह हमला किया गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे से जुड़े लोहा कटिंग और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अभी हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में दहशत, लोगों में डर का माहौल
सुबह-सुबह हुई गोलीबारी की इस घटना के बाद जामाडोबा और आसपास के इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।






