धनबाद: बरवाअड्डा GT रोड पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को रौंदा, पति-पत्नी की मौत, मासूम गंभीर

धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर काशी टांड़ के पास भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

धनबाद: बरवाअड्डा GT रोड पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को रौंदा, पति-पत्नी की मौत, मासूम गंभीर
मौके पर पहुंची पुलिस व लोगों की भीड़।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड पर सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। काशी टांड़ के समीप रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: धनबाद के 54 पुलिसकर्मी लौटेंगे वापस, पूर्व DGP अनुराग गुप्ता का आदेश रद्द

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक (जेएच 10 सीआर 3134) पर एक पुरुष, महिला और एक छोटा बच्चा सवार थे। तीनों गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे काशी टांड़ के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और पेट्रोलिंग वाहन की मदद से सभी घायलों को तुरंत एसएनएमएमसीएच, धनबाद पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पुरुष और महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चे का इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान सरस्वती देवी और राजकुमार महतो (दोनों की उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल बच्चे की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बाइक का पंजीकरण राजगंज थाना क्षेत्र के बगदाहा गांव निवासी सरस्वती देवी के नाम पर है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने जीटी रोड पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है। बरवाअड्डा क्षेत्र में जीटी रोड पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय भारी वाहनों की रफ्तार और लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।