धनबाद (Threesocieties.com Desk): शहर के पॉश इलाके हीरापुर स्थित ज्ञान मुखर्जी रोड में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए करोड़ों रुपये के पुश्तैनी जेवरात और करीब 9 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: BCCI की नई Executive Cadre Scheme पर बवाल: BCCL में काला बिल्ला लगाकर विरोध, AIDEOA ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
जानकारी के अनुसार, हीरापुर निवासी विश्वजीत साव अपने पूरे परिवार के साथ बिहार के मुंगेर एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए हुए थे। घर बंद था और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान शुक्रवार देर रात चोरों ने सुनसान घर को अपना निशाना बना लिया।
ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर आराम से घर के अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद घर में रखी सभी आलमारियों को तोड़कर उनमें रखे कीमती सामान की चोरी कर ली। परिवार के अनुसार, घर में काफी मात्रा में पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर रखे हुए थे, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 9 लाख रुपये नकद भी घर में मौजूद थे, जिसे चोर अपने साथ ले गए।
पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना
शनिवार सुबह पड़ोसियों ने विश्वजीत साव को फोन कर बताया कि उनके घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और घर में चोरी की आशंका है। सूचना मिलते ही विश्वजीत साव तुरंत धनबाद लौटे और स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत धनबाद थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। धनबाद थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में लगे CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
हीरापुर जैसे व्यस्त और रिहायशी इलाके में इस तरह की बड़ी चोरी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
स्थानीय निवासियों ने रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।