धनबाद: BCCL में बड़े पैमाने पर ट्रांसफर-पोस्टिंग,GM से परियोजना पदाधिकारी तक 34 अफसर बदले गए

Coal India की सहायक कंपनी BCCL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के धनबाद दौरे और समीक्षा बैठक के बाद 34 अधिकारियों का तत्काल तबादला किया गया। कई क्षेत्रों में नए GM और परियोजना पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

धनबाद: BCCL में बड़े पैमाने पर ट्रांसफर-पोस्टिंग,GM से परियोजना पदाधिकारी तक 34 अफसर बदले गए
BCCL में बड़ा फेरबदल।

धनबाद (Threesocieties.com): भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के दौरे के तुरंत बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कंपनी प्रबंधन ने कोयला उत्पादन बढ़ाने, परियोजनाओं की निगरानी मजबूत करने और कोयला चोरी पर नियंत्रण को लेकर 34 अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है।

यह भी पढ़ें: बिहार में इंजीनियर के घर नोटों का पहाड़! EOU छापे में 48 लाख कैश, 60 लाख का सोना बरामद

यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब बीसीसीएल पर उत्पादन लक्ष्य पूरा करने और अवैध खनन व कोयला चोरी रोकने का दबाव बढ़ा हुआ है। मंत्री ने 13 और 14 मई को धनबाद दौरे के दौरान बीसीसीएल अधिकारियों के साथ कई समीक्षा बैठकें की थीं। बैठक में उत्पादन, सुरक्षा, परिवहन और निगरानी व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए गए थे।

मुनीडीह परियोजना समेत कई अहम क्षेत्रों में बदलाव

जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और क्षेत्रों में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। मुनीडीह परियोजना के महाप्रबंधक स्तर पर भी बदलाव किया गया है। पंचम पांडेय को एएमपी कोलियरी से बरौरा क्षेत्र का अतिरिक्त महाप्रबंधक बनाया गया है। वहीं मुख्यालय के एम एंड एस विभाग से दीपक कुमार सिंह को गोविंदपुर क्षेत्र भेजा गया है। सुरक्षा एवं बचाव विभाग से सुजीत कुमार सिंह को पीवी क्षेत्र का अतिरिक्त महाप्रबंधक बनाया गया है। इसके अलावा बसदेवपुर कोलियरी (कतरास क्षेत्र) से स्थानांतरित अधिकारी को मनोटांड़/मनोटरा कुंडू डब्ल्यूजे क्षेत्र का अतिरिक्त महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है।

परियोजना पदाधिकारियों के स्तर पर भी बड़े बदलाव

बीसीसीएल प्रबंधन ने परियोजना पदाधिकारी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। संजय कुमार को कुषुंडा से सिजुआ क्षेत्र के मुनीडीह परियोजना का नया पदाधिकारी बनाया गया है। काजल सरकार को बरौरा से कुषुंडा क्षेत्र के एना परियोजना का पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं पंकज कुमार को सिजुआ से ईजे क्षेत्र के भौरा परियोजना की जिम्मेदारी दी गई है। फजलुर रहमान को कुसुंडा से ईजे क्षेत्र के एएसपी परियोजना का पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि राव को मुनीडीह कोलियरी (डब्ल्यूजे क्षेत्र) का परियोजना पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

उत्पादन और चोरी रोकने पर फोकस

बीसीसीएल सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल केवल नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कोयला चोरी पर लगाम लगाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। मंत्री की समीक्षा बैठक में कई परियोजनाओं के प्रदर्शन पर असंतोष भी जताया गया था। धनबाद और आसपास के कोल क्षेत्रों में लगातार हो रही कोयला चोरी, अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में कंपनी प्रबंधन ने कई संवेदनशील क्षेत्रों में नए अधिकारियों की तैनाती कर स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में निगरानी और जवाबदेही और कड़ी होगी।

BCCL प्रबंधन की नजर उत्पादन लक्ष्य पर

कोल इंडिया की सहायक कंपनी बीसीसीएल इस वित्तीय वर्ष में उत्पादन बढ़ाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि नए अधिकारियों को जिम्मेदारी देकर प्रबंधन परियोजनाओं की कार्यक्षमता सुधारने और उत्पादन में तेजी लाने की कोशिश कर रहा है। बीसीसीएल के इस बड़े फेरबदल के बाद अब कोयला क्षेत्रों में कामकाज की गति और निगरानी व्यवस्था पर सभी की नजर रहेगी।