धनबाद: अवैध कोयला कारोबारियों का दुस्साहस: बाघमारा में BCCL के दो जीएम पर जानलेवा हमला, अपहरण की कोशिश

धनबाद के बाघमारा में अवैध कोयला कारोबारियों ने BCCL के दो जीएम पर हमला कर अपहरण की कोशिश की। CCTV जांच के दौरान हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।

धनबाद: अवैध कोयला कारोबारियों का दुस्साहस: बाघमारा में BCCL के दो जीएम पर जानलेवा हमला, अपहरण की कोशिश
अधिकारी भागकर थाने पहुंचे, CISF ने बचाया।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध कोयला कारोबारियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने सीधे BCCL के शीर्ष अधिकारियों को ही निशाना बना लिया।

यह भी पढ़ें: सिग्नलिंग अपग्रेड का असर: धनबाद-पटना एक्सप्रेस का रूट बदला, किऊल-मोकामा मेमू रद्द

बताया जा रहा है कि बीसीसीएल (BCCL) के ब्लॉक-2 क्षेत्र में जीएम सिक्योरिटी हाफिजुल कुरैशी और एरिया जीएम राजीव रंजन पर हमला किया गया और उनका अपहरण करने की कोशिश भी की गई।

CCTV जांच के दौरान हुआ हमला

घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। दोनों अधिकारी परियोजना क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त किए जाने की जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों ने उन्हें घेर लिया और अचानक धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि हमलावरों ने दोनों अधिकारियों को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की।

बाघमारा थाने के पास फिर घेरा, वाहन रोका

अधिकारी किसी तरह मौके से भागकर बाघमारा थाना की ओर बढ़े, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। थाने से कुछ दूरी पहले ही आरोपितों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। चालक के साथ मारपीट करते हुए  वाहन की चाबी छीन ली गई। अधिकारियों को गाड़ी से उतारने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, हमलावर उन्हें दूसरे वाहन में बैठाकर ले जाने की तैयारी में थे।

किसी तरह बची जान, CISF ने संभाला मोर्चा

जान पर बन आई स्थिति में दोनों जीएम किसी तरह भागकर थाना परिसर में घुस गए और अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही CISF के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद जीएम सिक्योरिटी को सुरक्षित ब्लॉक-2 कार्यालय पहुंचाया गया।

इलाके में दहशत, पुलिस जांच शुरू

इस घटना के बाद पूरे बाघमारा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जीएम सिक्योरिटी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने कॉलर पकड़कर जबरन ले जाने की कोशिश की। घटना की जानकारी वरीय अ। कारियों को दे दी गई है। पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छापेमारी शुरू कर दी है।

कोयला चोरी पर कार्रवाई से बौखलाए माफिया

सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में अवैध कोयला खनन और चोरी के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई तेज हुई है। इसी से नाराज कोयला माफिया अब खुलकर हिंसक हो रहे हैं और अधिकारियों पर हमले तक कर रहे हैं।

बड़ा सवाल: क्या सुरक्षित हैं अधिकारी?

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है— जब BCCL के जीएम स्तर के अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा का क्या होगा? धनबाद में कोयला माफिया का बढ़ता आतंक अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।