धनबाद : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी बिहार से गिरफ्तार, पुलिस की SIT ने नवादा में दबोचा
धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी टीम ने तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद बिहार के नवादा से आरोपी लवकुश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है।
धनबाद (Threesocieties.com Desk) : धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे आरोपी को धनबाद पुलिस ने बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवकुश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के नवादा का रहने वाला बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: धनबाद: एकादशी पर सेवा का संगम: मारवाड़ी युवा मंच, झरिया ने लगाया फ्री हेल्थ कैंप, 118 लोगों की हुई जांच
डीएसपी (लॉ एंडऑर्डर) प्रकास सोय ने प्रेस कांफ्रेस में बताया कि चार मई को धनसार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनसार थाना पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई SIT
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसे पकड़ने के लिए धनबाद पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। टीम को तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।एसआईटी ने कई दिनों तक लगातार जांच करते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिहार के नवादा जिले में छिपा हुआ है।
नवादा में की गई छापेमारी
सूचना मिलने के बाद धनबाद पुलिस की एसआईटी टीम ने बिहार के नवादा जिले में छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी लवकुश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया, जहां पूछताछ की गई।
पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार कर ली है। मामले में पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा- ऐसे मामलों में होगी सख्त कार्रवाई
धनबाद पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी जांच का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि बच्चों से जुड़े किसी भी अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






