Advertisement

धनबाद। PMCH में सोमवार शाम छह बजे बरवाअड्डा पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी और डॉक्टर में झड़प हो गई। झड़प के बाद पीएमसीएच के डॉक्टर व स्टाफ ने स्ट्राइक की घोषणा कर दी। सूचना मिलते ही डीसी उमाशंकर के निर्देश पर डीएसपी मुकेश कुमार पीएमसीएच पहुंचे। PMCH सुपरिटेंडेंट डॉ अरुण कुमार चौधरी और स्टाफ से बात की। दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिये जाने के बाद सभी काम पर लौट गये।

ADVERTISEMENT

 बताया जाता है कि बरवाअड्डा पुलिस स्टेशन से दो महिला, दो पुरुष कांस्टेबल कोरोना वायरस की जांच के लिए पीएमसीएच पहुंचे थे। लोगों की लंबी लाइन के कारण देरी हो रही थी। इससे से पुलिसकर्मी आक्रोशित हो गये। इसके बाद डॉक्टर और स्टाफ के साथ पुलिसकर्मियों की धक्का-मुक्की हुई। डॉक्टर ने मारपीट करने का आरोप लगाया। इसके बाद सभी स्टाफ स्ट्राइक पर चले गये।डॉक्टर और स्टाफ का कहना था कि दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की जाए। जब तक कार्रवाई नहीं होगी सभी स्टाफ स्ट्राइक पर रहेंगे।डीएसपी द्वारा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देने और वैश्विक महामारी कोरोना को देखते हुए पीएमसीएच के डॉक्टर-स्टाफ ने स्ट्राइक वापस लेने की घोषणा की।

 डॉक्टर का आरोप पुलिस ने मारपीट किया

डॉक्टर एलबी टुड्डू के साथ ड्यूटी पर एक स्टाफ और एक जीएनएम नर्स थी। पुलिसकर्मी जांच के लिए दोपहर बारह बजे ही आये थे। शाम तक जब जांच नहीं हुई तो पुलिसकर्मियों और डॉक्टर के बीच बहस होते-होते मामला मारपीट तक पहुंच गया। बीच-बचाव करने आए एक स्टाफ को पुलिस कांस्टेबल ने जूता से पीट दिया। एक नर्स को भी चोट लगी। इसके बाद हस्पीटल के सभी स्टाफ जमा होकर हंगामा करने लगे।पीएमसीएच के स्टाफ ने एमएलए राज सिन्हा, पूर्णिमा नीरज सिंह व डीसी से घटना की कंपलेन की। आनन-फानन में पुलिस बल के साथ डीएसपी पहुंचे व वार्ता कर मामला सलटाया।