Dhanbad Nagar Nikay Chunav 2026: मेयर पद की दौड़ में उतरे मुकेश पांडेय, चुनावी माहौल गरमाया

धनबाद नगर निकाय चुनाव 2026 में महापौर पद के लिए मुकेश कुमार पांडे ने नामांकन पत्र खरीदा। अब तक मेयर पद के लिए 36 और पार्षद पद के लिए 457 नामांकन पत्र बिके।

Dhanbad Nagar Nikay Chunav 2026: मेयर पद की दौड़ में उतरे मुकेश पांडेय, चुनावी माहौल गरमाया
नामांकन पत्र लेने के बाद मुकेश पांडेय व अन्य।

  HighLights

  • ✔️ महापौर पद के लिए अब तक 36 नामांकन पत्रों की बिक्री

  • ✔️ पार्षद पद के लिए 457 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके

  • ✔️ भाजपा नेता मुकेश कुमार पांडे ने महापौर पद के लिए लिया नामांकन पत्र

  • ✔️ निर्मला देवी ने वार्ड संख्या 30 से दाखिल किया नामांकन

  • ✔️ नामांकन की अंतिम तिथि 4 फरवरी

धनबाद। (Threesocieties.com Desk)।  धनबाद नगर निगम चुनाव–2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज़ हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन शनिवार को महापौर और पार्षद पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इस दौरान महापौर पद के लिए आठ नए नामांकन पत्र बिके, जबकि पार्षद पद के लिए 75 नामांकन पत्र खरीदे गये।

यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस में अजीब संयोग: DSP बनते ही आठ घंटे में रिटायर हुए चार अफसर

सबसे ज्यादा चर्चा में रहे शहर के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता व भाजपा नेता मुकेश कुमार पांडे, जिन्होंने महापौर पद के लिए नामांकन पत्र लेकर अपनी दावेदारी औपचारिक रूप से पेश कर दी। नामांकन पत्र लेने के दौरान उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिससे नगर निगम परिसर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म नजर आया।

महापौर पद के लिए ये उम्मीदवार मैदान में

शनिवार को महापौर पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने वालों में

डॉ. सुशील कुमार (बेकारबांध)

उमेश पासवान (माडा कॉलोनी)

मुकेश पांडे (पांडेय मोहल्ला)

राजकुमार अग्रवाल (टैक्सी स्टैंड, झरिया)

शांतनु कुमार चंद्रा (शिवम कॉलोनी)

आकाश दुसाध (तुतुलमुरी)

परवेज खान (आजाद नगर)

शिल्पी शर्मा (पंजाबी मोहल्ला, कतरासगढ़)
शामिल हैं।

इसके साथ ही महापौर पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने वालों की कुल संख्या 36 हो गई है। वहीं, चंद्रशेखर अग्रवाल, इंदू देवी और अखिलेश्वर महतो ने अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया है।

पार्षद पद के लिए भी दिखा जबरदस्त उत्साह

धनबाद नगर निगम के 55 वार्डों के लिए शनिवार को कुल 75 नामांकन पत्र बिके।
अब तक चार दिनों में पार्षद पद के लिए कुल 457 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है।
हालांकि वार्ड संख्या 41 से 45 तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा।

वार्ड 30 से निर्मला देवी ने किया नामांकन

शनिवार को वार्ड संख्या 30 से निर्मला देवी ने पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी नारायण राम एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी रघुवंश कुमार भारती के समक्ष अपना पर्चा प्रस्तुत किया।

 मुकेश कुमार पांडे का बयान

नामांकन पत्र लेने के बाद मुकेश कुमार पांडे ने कहा कि उनका लक्ष्य धनबाद को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकासशील शहर बनाना है।
उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, रोजगार और पारदर्शी प्रशासन को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील भी की।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुकेश कुमार पांडे की एंट्री से महापौर पद की लड़ाई और भी रोचक व कांटे की हो गई है। आने वाले दिनों में चुनावी प्रचार और तेज होने की संभावना है।

भाजपा में प्रेशर पॉलिटिक्स और रायशुमारी के बीच दिग्गजों ने खरीदा पर्चा

धनबाद नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के भीतर मचे घमासान ने संगठन को धर्मसंकट में डाल दिया है। एक तरफ प्रदेश नेतृत्व एक राय बनाने के लिए रायशुमारी को लेकर टीम धनबाद में है। तो दूसरी तरफ समर्थकों के उत्साह और दिग्गजों द्वारा पर्चा खरीदने की होड़ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार वेट एंड वाच की नीति काम नहीं आने वाली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर मेयर पद के लिए मचे घमासान ने संगठन की चुनौती बढ़ा दी है।

हालांकि, चुनाव गैर-दलीय आधार पर हो रहे हैं, लेकिन भाजपा समर्थित प्रत्याशी बनने की होड़ में पूर्व मेयर से लेकर पूर्व विधायक तक मैदान में उतर आए हैं। पर्चा भरने और रायशुमारी के बीच मेयर पद के लिए लगभग 20 दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। चंद्रशेखर अग्रवाल: निवर्तमान मेयर ने अपनी ताकत दिखाते हुए नामांकन पर्चा भर दिया है। लगभग आठ साल तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहे पूर्व विधायक संजीव सिंह ने भी मेयर पद के लिए ताल ठोक दी है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी दावेदारी मजबूती से पेश की है। साथ ही नामांकन को लेकर पर्चा खरीद लिया है। भाजपा नेता मुकेश पांडेय, राज कुमार अग्रवाल, शआंतनु चंद्रा उर्फ बबलू पासवान, भृगुनाथ भगत और रामा सिन्हा जैसे चेहरों ने भी नामांकन पर्चा खरीदा है।