कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन: CM सिद्दरमैया ने किया इस्तीफे का एलान, डीके शिवकुमार ने CM के पैर छुए, गले लगे...

कर्नाटक में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के इस्तीफे की चर्चा तेज, डीके शिवकुमार नए CM बन सकते हैं। ब्रेकफास्ट मीटिंग, पैर छूने और गले मिलने वाली तस्वीरों ने बढ़ाई सियासी हलचल।

कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन: CM सिद्दरमैया ने किया इस्तीफे का एलान, डीके शिवकुमार  ने CM के पैर छुए, गले लगे...
सिद्दरमैया देंगे इस्तीफा, डीके शिवकुमार बनेंगे नए CM।
  • डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री

नई दिल्ली/बेंगलुरु(Threesocieties.com Desk): कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार सुबह से ही जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के इस्तीफे की चर्चाओं और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के नए मुख्यमंत्री बनने की अटकलों के बीच सत्ता परिवर्तन की तस्वीर लगभग साफ होती दिखाई दे रही है।कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज दोपहर 3 बजे इस्तीफा देंगे। उन्होंने बेंगलुरु में अपने घर पर मंत्रियों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग बुलाई थी। जिसमें उन्होंने सभी मंत्रियों को अपने फैसले के बारे में जानकारी दी।

यह भी पढ़ें: धनबाद भाजपा का मेगा मिशन: मोदी सरकार के 12 साल पर 5 जून से शुरू होगा ‘विश्वास और विकास’ अभियान

 मुख्यमंत्री सिद्दरमैया दोपहर 3 बजे लोकभवन जाएंगे। सीएम आवास पर हुई ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया कहा कि वह 3 बजे इस्तीफा देंगे और डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाएंगे।गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर हुई ब्रेकफास्ट मीटिंग ने राजनीतिक गलियारों में हलचल और बढ़ा दी। बैठक में मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की मुलाकात की तस्वीरें सामने आईं, जिसमें शिवकुमार मुख्यमंत्री के पैर छूते दिखाई दिए और इसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इन तस्वीरों ने राजनीतिक संदेशों और सत्ता हस्तांतरण की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

ब्रेकफास्ट मीटिंग में क्या हुआ?

मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में कैबिनेट सहयोगियों के साथ चर्चा के दौरान सिद्दरमैया ने कथित तौर पर अपने इस्तीफे के फैसले की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। हालांकि, राज्यपाल थावरचंद गहलोत फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद नहीं हैं, इसलिए इस्तीफा प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग संभावनाएं सामने आ रही हैं। बैठक में मौजूद मंत्री एचके पाटिल के हवाले से खबरें हैं कि डीके शिवकुमार के नाम पर सहमति बन गई है और वे अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

पैर छूना और गले लगना… क्या है इसका राजनीतिक संदेश?

राजनीतिक विश्लेषकों की नजर मुख्यमंत्री आवास से आई तस्वीरों पर टिकी हुई है। एक तस्वीर में डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के पैर छूते दिखाई दिए, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इन तस्वीरों को सत्ता हस्तांतरण के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व संभवतः यह संदेश देना चाहता है कि नेतृत्व परिवर्तन के बावजूद पार्टी में कोई अंदरूनी संघर्ष नहीं है।

आखिर कांग्रेस मुख्यमंत्री क्यों बदल सकती है?

1. 2.5-2.5 साल वाला फॉर्मूला

2023 विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार के बीच खींचतान हुई थी। तब कांग्रेस हाईकमान ने कथित तौर पर रोटेशन फॉर्मूला बनाया था। अब सरकार लगभग ढाई साल पूरे कर चुकी है।

2. एंटी-इंकम्बेंसी कम करने की कोशिश

कांग्रेस नेतृत्व मानता है कि समय रहते नेतृत्व परिवर्तन करने से सरकार के खिलाफ बढ़ रही नाराजगी को कम किया जा सकता है।

3. विवादों से घिरी सरकार

वाल्मीकि कॉर्पोरेशन समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार विपक्ष के निशाने पर रही है। ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन एक राजनीतिक रणनीति भी माना जा रहा है।

सिर्फ CM बदलेंगे या पूरी कैबिनेट?

सूत्रों की मानें तो केवल मुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल हो सकता है। करीब 15 से 20 नए चेहरों को मौका मिलने की चर्चा है। कुछ रिपोर्टों में दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली में हुई थी मैराथन बैठक

26 मई को दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार की लंबी बैठक हुई थी। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला के साथ कई घंटों तक चर्चा चली। हालांकि कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन गुरुवार सुबह की घटनाओं ने साफ संकेत दिए हैं कि कर्नाटक में बड़ा राजनीतिक बदलाव बेहद करीब हो सकता है।

अब सबकी नजर 3 बजे पर

फिलहाल पूरे देश की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या सिद्दरमैया वास्तव में इस्तीफा देंगे और क्या डीके शिवकुमार कर्नाटक की कमान संभालेंगे। यदि ऐसा होता है तो यह केवल मुख्यमंत्री परिवर्तन नहीं बल्कि कांग्रेस की दक्षिण भारत की राजनीति में एक बड़े अध्याय की शुरुआत होगी।