बिहार का ‘ब्लैक सैटरडे’: कटिहार में बेकाबू बस का कहर, 13 की मौत… NH-31 बना मौत का मैदान
कटिहार के कोढ़ा में NH-31 पर तेज रफ्तार बस के कहर से 13 लोगों की मौत और 30 से अधिक घायल। बस, पिकअप और कई वाहनों की टक्कर से मचा हड़कंप।
कटिहार (Threesocieties.com Desk): बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। कोढ़ा थाना क्षेत्र के NH-31 पर डागपुर बकरी फार्म के पास एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कई वाहनों और राहगीरों को कुचलती चली गई। इस भीषण हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: झारखंड: “तुम कुरैशी हो, तुम्हीं को दिक्कत है…”—BCCL GM पर कोयला माफिया का हमला, बाघमारा में FIR दर्ज
कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस पूर्णिया से भागलपुर की ओर जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। जैसे ही बस डागपुर बकरी फार्म के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और पहले दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन इसी दौरान बस ने एक पिकअप वैन को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
एक के बाद एक टक्कर, मच गई चीख-पुकार
हादसे के दौरान बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने पीछे चल रही स्कॉर्पियो, तीन बाइक और कई राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में जुट गए।
मृतकों की पहचान, कई परिवार उजड़े
हादसे में मरने वालों में कई एक ही गांव के लोग शामिल हैं। अब तक जिनकी पहचान हो पाई है, उनमें शामिल हैं—
राधिका हांसदा (19)
तेलमी देवी (40)
पप्पू हांसदा
तलपू सोरेन
पशु देवी
ताला मुनी
दुर्गा वासकी (60)
तल्लू सोरेन (60)
चिंतामणि महतो
सदानंद हांसदा
बताया जा रहा है कि मृतकों में कई लोग झारखंड के दुमका से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
इलाज के दौरान बढ़ा मौत का आंकड़ा
घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें पूर्णिया मेडिकल कॉलेज और अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया। इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।
सांसद पप्पू यादव ने जताया शोक
पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल गई है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
इलाके में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। कई घरों के चिराग एक ही झटके में बुझ गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।






