जमुई। बिहार के मुई जिले में चकाई-गिरिडीह मेन रोड पर  जम्हरा मोड़ के समीप गुरुवार की अहले सुबह पांच बजे दो ट्रकों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई। इस घटना में बेटे के सामने ही ट्रक ड्राइवर पिता जिंदा जल गये।

यह भी पढ़ें: Mumbai-Pune Expressway :  मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हादसा, सात आपस में टकराईं गाड़ियां

मृतक ट्रक ड्राइवर की पहचान खगड़िया जिले के नया गांव निवासी डब्लू सिंह के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में तीन लोग घायल हो गये हैं। मृतक चालक के बेटे और घायल उपचालक सोनू सिंह ने बताया कि उसके पिता खगड़िया से मकई लादकर राउरकेला जा रहा रहे थे। इसी दौरान चकाई-गिरिडीह मुख्यमार्ग में जम्हरा मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता ट्रक में दबकर फंस गये। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई। पिता डब्लू सिंह ट्रक में जिंदा जल गये। मैंने किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर जान बचाई। दूसरे ट्रक का खलासी झाझा पुलिस स्टेशन एरिया के कैथाजोर निवासी रूपेश यादव घायल हो गया। खलासी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ से साबुन लादकर सोनो जा रहा था। घटना के बाद घायल अवस्था में ही उसके ट्रक का ड्राइवर अरविंद यादव मौके से भाग निकला।

दो घायल सदर अस्पताल रेफर
ट्रक के टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना चकाई पुलिस को दी। सूचना मिलते चकाई थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार पुलिस बल व फायर बिग्रेड की दमकल के साथ मौके पर पहुंचे। तीन घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल खलासी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

ट्रक में लगे भीषण आग को देखते हुए चंद्रमंडी और सिमुलतला थाना से भी अग्निशामक वाहन को बुलाया गया जमुई से भी बड़ा अग्निशामक वाहन मौके पर पहुंचा। चार घंटे की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित रहा। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में आग लगने से एक ट्रक ड्राइवर जिंदा जल गया।