धनबाद में एक्शन मोड में प्रशासन: DC–SSP ने किया निरीक्षण,अतिक्रमित सरकारी जमीन खाली कराने के निर्देश
धनबाद में DC आदित्य रंजन और SSP प्रभात कुमार ने सरकारी जमीनों का औचक निरीक्षण कर अवैध कब्जों पर सख्त रुख अपनाया। अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने और जमीन खाली कराने के निर्देश।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने धनबाद सदर अंचल और गोविंदपुर अंचल क्षेत्र की विभिन्न सरकारी जमीनों का औचक निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें: Anant Ambani का 31वां जन्मदिन जामनगर में बना आध्यात्मिक महाउत्सव, 1 लाख गायों को छप्पन भोग

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अवैध कब्जे पाए जाने पर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अंचल अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं की जमीन पर नजर
उपायुक्त और एसएसपी ने 8 लेन सड़क के आसपास तथा बीबीएमकेयू (बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय) के समीप प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के लिए चिन्हित जमीनों का जायजा लिया। जांच में कई जगहों पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई, जिसे प्रशासन ने गंभीर मामला माना।
अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी सरकारी जमीनों की तुरंत मापी कराई जाए, अवैध कब्जाधारियों को नोटिस तामिल किया जाए व तय समयसीमा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं से मुक्त कराया जाए, ताकि इनका उपयोग जनहित के कार्यों में हो सके, जैसे: स्कूल और कॉलेज, अस्पताल व अन्य विकास परियोजनाएं। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी जमीन की नियमित निगरानी करें और एक इंच भी जमीन अतिक्रमित न होने दें।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी
निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी धनबाद राम प्रवेश कुमार, अंचलाधिकारी गोविंदपुर धर्मेंद्र दुबे सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।






