Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद से सटे बॉर्डर क्षेत्रों में पुलिस ने चौकसी कई गुना बढ़ा दी है। इसी कड़ी में एसएसपी प्रभात कुमार ने बुधवार को सीमावर्ती इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: झरिया MLA रागिनी सिंह DC से मिली, स्कूलों की मनमानी, पानी-बिजली संकट और ट्रैफिक जाम पर उठाई आवाज

पांच प्रमुख चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मैथन डेम कल्याणेश्वरी, मैथन टोल, चिरकुंडा, पंचेत और बलियापुर चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उनके साथ ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि:

हर वाहन की सघन जांच की जाए
वाहन में सवार हर व्यक्ति की तलाशी और पहचान सत्यापन हो
सभी वाहनों का रिकॉर्ड रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए

24 घंटे अलर्ट मोड में पुलिस

सीमावर्ती इलाकों के संवेदनशील स्थानों पर स्थायी चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में भारी पुलिस बल तैनात है। एसएसपी ने निर्देश दिया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक 24×7 निगरानी जारी रहे। किसी भी तरह की लापरवाही पर सीधी कार्रवाई होगी।

पोट्रोलिंग तेज, नदी मार्ग से भी निगरानी

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गश्त को और तेज कर दिया है।

संवेदनशील इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाई गई
नदी मार्गों पर नाव से निगरानी शुरू की गई
हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

 प्रतिबंधित सामान पर पूरी तरह रोक

एसएसपी प्रभात कुमार ने साफ कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी वस्तु— जैसे अवैध शराब, नकदी या अन्य संदिग्ध सामग्री—को सीमा पार नहीं होने दिया जाएगा। सभी चेकपोस्टों को हाई अलर्ट पर रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

खुफिया तंत्र एक्टिव, संदिग्धों पर नजर

सीमा क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। खुफिया विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी सूचना पर तत्काल एक्शन लेने की रणनीति तैयार कर दी जायेगी।

चुनाव आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन

एसएसपी ने बताया कि केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत पूरे क्षेत्र में चौकसी बढ़ाई गई है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है।