रामगढ़ में दिनदहाड़े 1 करोड़ की डकैती! पिस्टल के दम पर ज्वेलर्स लूटे, ग्रामीणों ने 2 अपराधियों को दबोचा
रामगढ़ के रजरप्पा मोड़ पर दिनदहाड़े 1 करोड़ से अधिक की डकैती, पिस्टल के दम पर ज्वेलर्स लूटे गए। ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए 2 अपराधियों को पकड़ लिया, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी।
रामगढ़ (Threesocieties.com Desk) : झारखंड के रामगढ़ जिले में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित रजरप्पा मोड़ पर मंगलवार को हथियारबंद अपराधियों ने ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ में धावा बोलकर करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और नगदी लूट ली।
यह भी पढ़ें: “एयरपोर्ट दो या जवाब दो!”—धनबाद में उबाल, 24 अप्रैल को रणधीर वर्मा चौक पर बड़ा धरना
हालांकि, इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए भाग रहे दो अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 5–6 की संख्या में बाइक सवार अपराधी दोपहर करीब 3:30 बजे रजरप्पा मोड़ पहुंचे। पहले ‘उत्तम ज्वेलर्स’ पहुंचे, लेकिन असफल रहे, फिर ‘शिवनारायण ज्वेलर्स’ में कोशिश की। अंत में ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ को निशाना बनाया। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने व्यवसायी विष्णु वर्मा पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर कुछ ही मिनटों में दुकान से कीमती जेवर और नगदी समेट ली।
ग्रामीणों का एक्शन: 2 अपराधी धराये
वारदात के बाद जब अपराधी भागने लगे, तब व्यवसायी के भाई विवेक वर्मा ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया। बड़ी संख्या में आसपास के लोग तुरंत इकट्ठा हुए। दुकान की ग्रिल बंद करने की कोशिश हुई, अफरा-तफरी में 2 अपराधी पकड़े गए। गुस्साई भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। वहीं, 3–4 अपराधी लूट का सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एसपी मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अपराधियों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने उनके पास से:एक पिस्टल, मोबाइल फोन व वारदात में इस्तेमाल बाइकबरामद की है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत स्वयं घटनास्थल पहुंचे और जांच की कमान संभाली। उन्होंने बताया कि: पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ जारी है। फरार अपराधियों की तलाश में सीमाएं सील कर छापेमारी तेज कर दी गई है।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग
इस सनसनीखेज घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि: रजरप्पा मोड़ और चितरपुर बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। व्यापारियों का कहना है कि व्यस्त बाजार में इस तरह की वारदात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।






