धनबाद में 120 नए स्वास्थ्यकर्मियों की एंट्री, DC बोले- ABCD नीति अपनाएं, तभी बनेगा बेहतर स्वास्थ्य सिस्टम

धनबाद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 120 नव नियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों का भव्य स्वागत किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने ABCD नीति के जरिए सेवा, ईमानदारी और संवेदनशीलता का मंत्र दिया। जल्द 100 और पदों पर भर्ती की तैयारी।

धनबाद में 120 नए स्वास्थ्यकर्मियों की एंट्री, DC बोले- ABCD नीति अपनाएं, तभी बनेगा बेहतर स्वास्थ्य सिस्टम
स्पतालों से गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत।
  • एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन समेत 18 पदों पर नियुक्ति
  • उपायुक्त ने दिया ABCD नीति का मंत्र— Availability, Behaviour, Calibre और Diligence
  • जिले के अस्पतालों, CHC, PHC और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में होगी तैनाती
  •  उपायुक्त बोले- नियुक्ति में घूस मांगे तो तुरंत प्रशासन को करें शिकायत
  • अगले चरण में लगभग 100 और पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत नव नियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों के लिए सदर अस्पताल सभागार में एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चयनित 120 नव नियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों का स्वागत किया गया और उन्हें स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों तथा जनसेवा के मूल्यों से परिचित कराया गया।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग डबल मर्डर मिस्ट्री सॉल्व: दोस्ती के बहाने ले गया, 14 साल की बच्ची और 3 साल के मासूम भाई की कर दी हत्या

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा आधारित भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में कुल 18 विभिन्न पदों पर 120 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिसके बाद लिखित परीक्षा एवं स्किल टेस्ट के आधार पर अंतिम चयन किया गया। चयनित उम्मीदवारों में एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैबोरेट्री टेक्नीशियन समेत कई श्रेणियों के स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। इन स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती जिले के सदर अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में की जाएगी। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मियों की भूमिका केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी पदस्थापना हो, वहां समय पर पहुंचकर पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

उपायुक्त ने समझाई ABCD नीति

अपने संबोधन में उपायुक्त ने ‘ABCD नीति’ को सफल स्वास्थ्य सेवा का आधार बताते हुए चार महत्वपूर्ण सिद्धांतों पर जोर दिया—

A – Availability (उपलब्धता)
B – Behaviour (व्यवहार)
C – Calibre (क्षमता)
D – Diligence (परिश्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा)

उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्यकर्मी इन चार मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में शामिल करेंगे तो जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

घूस मांगने वालों पर सख्त चेतावनी

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है और जल्द ही चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर ज्वाइनिंग या नियुक्ति के दौरान कोई व्यक्ति रिश्वत या किसी प्रकार की अवैध राशि की मांग करता है तो अभ्यर्थी तुरंत जिला प्रशासन से संपर्क करें।

जल्द आएंगी 100 और भर्तियां

उपायुक्त ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में लगभग 100 और पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो अभ्यर्थी परीक्षा में सफल होने के बावजूद मेरिट सूची में जगह नहीं बना सके हैं, उन्हें प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा।वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल रोजगार नहीं बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है। वहीं उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की जानकारी देते हुए नियमित उपस्थिति और समय पर योगदान देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और सदर अस्पताल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस पहल को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।